सशक्त उत्तराखंड,कीरतपुर। जैन ग्लोबल स्कूल द्वारा मलेरिया से बचाव एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रैली निकालकर कीरतपुर, साई विहार कॉलोनी एवं एकता विहार क्षेत्र में लोगों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “स्वच्छ रहें, स्वस्थ रहें”, “पानी न ठहरने दें, मलेरिया को बढ़ने न दें”, “हर रविवार, मच्छरों पर वार”, “मच्छर भगाओ, मलेरिया मिटाओ” तथा “स्वच्छ वातावरण, स्वस्थ जीवन” जैसे जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर, गमलों एवं टंकियों की नियमित सफाई करने तथा मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्री आशीष यादव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुनीता सिंह तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रीना भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जन-जागरूकता और स्वच्छता ही मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
विद्यालय प्रधानाचार्या ने बताया कि इस प्रकार के सामाजिक अभियान विद्यार्थियों में सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के साथ-साथ समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
