सशक्त उत्तराखण्ड,किच्छा। आगामी छठ महापर्व को श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद किच्छा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर पालिका के कर्मचारी छठ घाटों की साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने के कार्य में पूरी तरह से जुट गए हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजेश प्रताप सिंह के निर्देशानुसार कर्मचारियों की टीमें छठ घाटों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगी हुई हैं, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा छठ महापर्व के दौरान स्वच्छता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका परिषद किच्छा की अपील है कि सभी श्रद्धालु छठ घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
