जंतर-मंतर से वायरल वीडियो पर आईजी कुमाऊँ का बयान।अनुशासनहीनता एवं अमर्यादित टिप्पणी पर होगी कड़ी विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई

Spread the love

सशक्त उत्तराखंड। दिल्ली के जंतर-मंतर से उत्तराखण्ड पुलिस के आरक्षी शेर सिंह के सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संबंध में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट किया है कि उक्त आरक्षी वर्तमान में जनपद पिथौरागढ़ में नियुक्त है, जो दिनांक 28 जून 2026 से बिना किसी वैध अनुमति के अपनी ड्यूटी से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित चल रहा है।

उन्होंने बताया कि अनधिकृत अनुपस्थिति के संबंध में पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ द्वारा संबंधित आरक्षी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, किन्तु उसके द्वारा कोई उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके फलस्वरूप दिनांक 20 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ द्वारा संबंधित आरक्षी को निलंबित कर दिया गया था।

आईजी कुमाऊँ ने बताया कि संबंधित आरक्षी तथा एक अन्य आरक्षी द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए पूर्व में भी संगठित अपराध से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए थे। यह कुख्यात अंतरराज्यीय गैंगस्टर प्रवीण बाल्मीकि के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों की भूमि पर अवैध कब्जा करने जैसे गंभीर आरोपों के संबंध में जनपद हरिद्वार के कोतवाली गंगनहर में मु0अ0सं0 415/ 2025 धारा 420,467,468, 120 बी भादवि, 111(2बी), 351(2), 352 में बीएनएस पंजीकृत अपराध में साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 15.09.2025 को अभियुक्त शेंर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया जो लगभग दो माह जेल में रहने के उपरान्त दिनांक 07-11-2025 को मा0 उच्च न्यायालय नैनीताल से जमानत लेकर बाहर आया है।

उन्होंने बताया कि उक्त गंभीर प्रकरण के आधार पर संबंधित आरक्षी के विरुद्ध विभागीय जांच प्रचलित है तथा सेवा से बर्खास्तगी की कार्रवाई प्रक्रियाधीन थी।

पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ ने कहा कि जंतर-मंतर पर दिए गए अनर्गल कथनों एवं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का भी गंभीरता से संज्ञान लिया गया है। इस संबंध में भी आरक्षी के विरुद्ध वैधानिक एवं विभागीय नियमों के अनुरूप कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *