NEET, UGC-NET सहित विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर किया पुतला दहन

Spread the love

सशक्त उत्तराखंड,खटीमा। NEET, UGC-NET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को खटीमा में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग उठाई।

 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से देशभर के लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है। युवाओं ने वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षाओं में हिस्सा लिया, लेकिन बार-बार पेपर लीक की घटनाओं ने उनकी उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रही है।

 

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। बार-बार होने वाले पेपर लीक से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इसकी नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही पेपर लीक से प्रभावित युवाओं को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के हितों की रक्षा नहीं की गई तो पार्टी भविष्य में भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।

 

प्रदर्शन में विधायक भुवन कापड़ी, नानकमत्ता विधायक गोपाल राणा, ब्लॉक अध्यक्ष सतनाम सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चंद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मान सिंह, बॉबी राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *