नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक में 27 से 29 नवंबर तक तीन दिवसीय स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षण शिविर, 100 से अधिक बच्चे करेंगे प्रतिभाग

सशक्त उत्तराखण्ड,नैनीताल। नैनीताल जिले के विकासखंड धारी में 27, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय टोली नायक एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर में पूरे विकासखंड से लगभग 100 से अधिक स्काउट एवं गाइड प्रतिभाग करेंगे।

शिविर में शामिल होने वाले बच्चों को समाजसेवियों की ओर से निःशुल्क चॉकलेट, फ्रूटी, बिस्किट एवं नमकीन वितरित किए जाएंगे। इस सामाजिक पहल में समाजसेवी हेमंत गौनिया, वंश गौनिया, अमित रस्तोगी, रेंजर नवल किशोर, कपिल, रेंजर दीपक तिवारी, अशोक कटारिया, प्रत्यूष कुमार एवं राजीव कश्यप के सहयोग से बच्चों को उपहार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा। समाजसेवियों का कहना है कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना, उनका उत्साह बढ़ाना और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को खुशियां देना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। यह सहयोग किसी एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्षों से लगातार सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों की मदद की जा रही है। 15 अगस्त, 26 जनवरी, खेल महाकुंभ, बाल दिवस, होली, दीपावली सहित विभिन्न राष्ट्रीय पर्वों एवं सामाजिक अवसरों पर सरकारी विद्यालयों में बच्चों को खाद्य सामग्री, उपहार एवं आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जाती हैं। समाजसेवियों के अनुसार, पिछले कई वर्षों से चल रही इस मुहिम के तहत लाखों रुपये की खाद्य सामग्री, कपड़े, शैक्षिक सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों तक पहुंचाई जा चुकी हैं। सबसे खास बात यह है कि इस पूरी मुहिम के पीछे न कोई एनजीओ है और न ही कोई सरकारी आर्थिक सहायता। समाजसेवी आपसी सहयोग एवं अपने निजी संसाधनों से धन जुटाकर सीधे जरूरतमंद बच्चों तक मदद पहुंचाते हैं। समाजसेवियों का संदेश है कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाला प्रत्येक बच्चा सम्मान, प्रोत्साहन और खुशियों का हकदार है। समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर बच्चों की शिक्षा, खेलकूद और सर्वांगीण विकास में सहयोग करना चाहिए। बिना सरकारी बजट, बिना एनजीओ और बिना सरकारी अनुदान के आपसी सहयोग से चल रही यह मुहिम समाजसेवा की एक मिसाल पेश कर रही है। धारी ब्लॉक के तीन दिवसीय स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षण शिविर में 100 से अधिक बच्चों को निःशुल्क खाद्य सामग्री वितरित करने की यह पहल इसी सामाजिक संकल्प का हिस्सा है।