सशक्त उत्तराखण्ड,रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हरिदासपुर में आयोजित भव्य दुर्गा पूजा कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री एवं अधिवक्ता प्रमोद मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में प्रमोद मित्तल ने माँ दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की। उन्होंने आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माँ दुर्गा की आराधना हमें शक्ति, साहस, सदाचार और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर प्रमोद मित्तल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का संदेश देते हुए कहा कि बेटियाँ हमारे समाज का गौरव और देश का भविष्य हैं। बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बेटियों के सशक्तीकरण से ही एक मजबूत, शिक्षित और विकसित समाज का निर्माण संभव है। हम सभी को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध भारतीय परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ हमारी संस्कृति एवं संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
प्रमोद मित्तल ने दुर्गा पूजा समिति के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा माँ दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी, सदस्यगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
