सशक्त उत्तराखण्ड शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर विधानसभा क्षेत्र किच्छा के अंतर्गत ग्राम सैजना स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर परिसर में आदिशक्ति माँ दुर्गा के मंदिर निर्माण कार्य का विधि-विधानपूर्वक भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। विधायक निधि से ₹7 लाख की लागत से प्रस्तावित इस निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक तिलक राज बेहड़ ने ग्रामवासियों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर उन्होंने माँ भगवती के श्रीचरणों में शीश नवाकर समस्त क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति, खुशहाली एवं लोककल्याण की मंगलकामना की।
इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि शारदीय नवरात्रि शक्ति की उपासना, श्रद्धा और भक्ति का पावन पर्व है। माँ दुर्गा की आराधना हमें सत्य, साहस, सेवा और जनकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। ग्राम सैजना स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर परिसर में माँ दुर्गा के मंदिर का निर्माण ग्रामीणों की आस्था और लंबे समय से जुड़ी धार्मिक भावनाओं के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कार्य है। इस मंदिर के निर्माण से ग्रामवासियों को पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा और आने वाली पीढ़ियाँ भी अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी रहेंगी।
विधायक बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक स्थलों का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ऐसे कार्य समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका प्रयास है कि क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए तथा विधायक निधि का उपयोग जनहित के कार्यों में किया जाए।
विधायक बेहड़ ने बताया कि किच्छा से ग्राम सैजना होते हुए दरऊ की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग के लगभग 8 किलोमीटर हिस्से का 1.5 करोड़ कि लागत से हॉटमिक्स द्वारा नवीनीकरण कार्य भी कराया जाएगा। इस सड़क के नवीनीकरण से ग्राम सैजना सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क बेहतर होने से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ सड़कों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों की सहभागिता और सहयोग से क्षेत्र में विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्राम सैजना में माँ दुर्गा के मंदिर निर्माण के लिए ₹7 लाख की धनराशि उपलब्ध कराना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मंदिर निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह स्थल ग्रामीणों की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा और यहाँ होने वाले धार्मिक आयोजनों से सामाजिक एकता को भी बल मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक बेहड़ ने माँ जगदम्बा से प्रार्थना की कि उनकी असीम कृपा समस्त क्षेत्रवासियों पर सदैव बनी रहे। प्रत्येक घर-परिवार सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली से परिपूर्ण हो तथा क्षेत्र में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव निरंतर बना रहे।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान विजय यादव, अंकुर पपनेजा मंदिर समिति के अध्यक्ष भुवन सिंह, ग्राम प्रधान विजय यादव, महेंद्र पाल, सुरेश यादव, शाहिद हुसैन,मुख्त्यार अहमद, प्रधान अकरम, शाकिर मियां, बलदेव कश्यप, विनोद यादव, नत्थू लाल पाल, अजय यादव, हरीश कुमार, सरदार मंजीत सिंह, हरविंदर सिंह, कमल मौर्य, अंकुर पपनेजा सहित अनेक ग्रामवासी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
