सशक्त उत्तराखंड। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा क्षेत्र के भलेड इलाके में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई । तेज बारिश, फिसलन और अंधेरे के कारण हादसे का पता रातभर नहीं चल सका । शनिवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे टूटी झाड़ियां और पहाड़ी से नीचे गिरी बाइक देखी, जिसके बाद हादसे की जानकारी सामने आई ।
मेले से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक
हादसा
जानकारी के अनुसार, दरिणी ग्राम पंचायत के चनैना गांव निवासी अमित कुमार (26), रोहित शर्मा (24) और पंकज कुमार (22) शुक्रवार को दूली गांव में गुग्गा जाहरवीर के मेले में माथा टेकने गए थे । देर रात तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे ।
तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हुई बाइक
भलेड के पास तीखे मोड़ पर तेज बारिश के चलते सड़क बेहद फिसलन भरी थी और दृश्यता भी कम थी । इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी । हादसे के बाद तीनों युवक रातभर खाई में पड़े रहे।
शनिवार सुबह ग्रामीणों की नजर खाई में गिरी बाइक पर पड़ी । ग्रामीणों ने तीनों युवकों को बाहर निकाला और निजी वाहनों से शाहपुर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया ।
तीन परिवारों में पसरा मातम
तीनों युवक अपने-अपने परिवार के कमाऊ सदस्य थे । अमित कुमार विवाहित था, जबकि रोहित और पंकज अविवाहित थे । एक साथ तीन युवकों की मौत से चनैना गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवारों में कोहराम मचा है।
विधायक पहुंचे अस्पताल, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना पर स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया । उन्होंने प्रशासन को पोस्टमार्टम प्रक्रिया में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार फौरी राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए । पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज बारिश, सड़क पर फिसलन और तीखे मोड़ पर बाइक का नियंत्रण खोना सामने आ रही है । पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है
