सशक्त उत्तराखंड,जसपुर। कोतवाली जसपुर में तैनात 25 वर्षीय होमगार्ड दीक्षित की देर रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। ड्यूटी खत्म करने के बाद वह कार से अपने गांव धर्मपुर स्थित घर लौट रहे थे। अफजलगढ़ मार्ग पर अचानक सड़क पर आए पशु को बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इसके बाद कार राइस मिल की दीवार से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दीक्षित की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पशु को बचाने के दौरान कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
