सशक्त उत्तराखण्ड,रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के विद्यालय सभागार में आयोजित ‘रामलीला : द डिवाइन लाइट विदिन अस’ का भव्य मंचन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं नैतिक मूल्यों का अनुपम उत्सव बनकर उभरा। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत जीवंत अभिनय, मनमोहक नृत्य, भावपूर्ण संगीत एवं प्रभावशाली संवादों ने रामायण के अमर प्रसंगों को सजीव कर उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त ), ऊधम सिंह नगर श्री कौस्तुभ मिश्रा, उपजिलाधिकारी, गदरपुर डॉ. अमृता दिनेश शर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री उमा शंकर नेगी, खाद्य निरीक्षक, हरिद्वार श्री दिनेश शर्मा तथा जिला टेनिस समिति के अध्यक्ष श्री जगदीश सिंह बिष्ट विशिष्ट अतिथियों के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
विद्यार्थियों ने श्रीराम जन्म, वनगमन, सीता हरण, हनुमान जी की अतुलनीय भक्ति, लंका दहन, रावण वध एवं भव्य राज्याभिषेक जैसे प्रसंगों का अत्यंत प्रभावशाली मंचन किया। आकर्षक वेशभूषा, भव्य मंच सज्जा, उत्कृष्ट प्रकाश एवं ध्वनि संयोजन तथा सशक्त अभिनय ने प्रत्येक प्रस्तुति को जीवंत बना दिया। कलाकारों की संवाद अदायगी एवं भाव-भंगिमाओं ने दर्शकों को रामायण के दिव्य युग का साक्षात्कार कराया और यह संदेश दिया कि सत्य, धर्म, करुणा और मर्यादा की विजय सदैव होती है।
विद्यालय के माननीय चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने अपने संबोधन में कहा कि दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तकनीकी रूप से सक्षम, संस्कारवान एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में टॉडलर से ग्रेड-II तक के विद्यार्थियों के लिए स्थापित आधुनिक जूनियर रोबोटिक्स लैब बच्चों को प्रारम्भिक अवस्था से ही रोबोटिक्स, कोडिंग, तार्किक चिंतन, नवाचार एवं समस्या-समाधान कौशल से परिचित करा रही है, जिससे वे भविष्य की तकनीकी दुनिया के लिए तैयार हो सकें।
उन्होंने कहा कि डीपीएस रुद्रपुर शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता है। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अर्जित पदक इस बात का प्रमाण हैं कि यहाँ प्रतिभाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जाता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों से भगवान श्रीराम के आदर्शों—सत्य, मर्यादा, अनुशासन, सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रप्रेम—को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वाइस चेयरमैन श्री हरमन सिंह ग्रोवर एवं प्रधानाचार्य श्री चेतन चौहान ने भी विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं नैतिक मूल्यों का विकास करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के ताइक्वांडो एवं स्केटिंग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन एवं समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए विद्यालय द्वारा शिक्षा, खेल, तकनीक एवं संस्कारों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संपूर्ण सभागार “जय श्रीराम” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। यह भव्य आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों एवं आधुनिक शिक्षा के समन्वय का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उपस्थित सभी लोगों के हृदय में अमिट छाप छोड़ गया।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि विद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति, नवाचार, खेल उत्कृष्टता एवं चरित्र निर्माण का भी सशक्त संस्थान है, जहाँ प्रत्येक विद्यार्थी को भविष्य का सक्षम, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाता है।
॥ जय श्रीराम ॥ 🚩
