सशक्त उत्तराखंड,पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में 26 एवं 27 जून 2026 को दो-दिवसीय एक विशिष्ट एल्युमिनाई कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एस.के. कश्यप ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष आयोजन का उद्देश्य विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों तथा विद्यार्थियों के बीच मजबूत संवाद स्थापित करना तथा नवाचार, तकनीकी सहयोग एवं संस्थागत विकास को नई दिशा प्रदान करना है।
कुलपति द्वारा विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशकगण एवं विश्वविद्यालय तकनीकी एवं योजना प्रकोष्ठ के सदस्यों के साथ बैठक कर एल्युमिनाई कार्यशाला के विषय में गहन विचार-विमर्श किया गया। कार्यशाला में देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि उनके अनुभव, उपलब्धियां एवं सुझाव वर्तमान विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय राज्यपाल सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला केवल एल्यूमिनाई मिलन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसे विश्वविद्यालय के भविष्य की कार्ययोजना, तकनीकी उन्नयन और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत करने के दृष्टिकोण से आयोजित किया जा रहा है। कार्यशाला के दौरान कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, हैचरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रिसर्च एंड टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप, नवाचार, पेटेंट, बीज उत्पादन, आउटरीच गतिविधियों तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों द्वारा अपनी शोध उपलब्धियों, नवाचारों, तकनीकी विकास कार्यों की प्रस्तुति की जाएगी। साथ ही विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, शोध उपलब्धियों और तकनीकी प्रगति को दर्शाने हेतु विशेष पीआर सामग्री, आकर्षक ब्रोशर एवं साहित्य तैयार किया जा रहा है। आगंतुकों एवं विशिष्ट अतिथियों को विश्वविद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराने के लिए विशेष ‘पीआर बैग’ भी उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे एल्युमिनाई से विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के साथ संवाद कराया जाएगा जिससे छात्रों को इंडस्ट्री अनुभव, रिसर्च नेटवर्किंग, इंटर्नशिप, उद्यमिता, स्टार्टअप एवं रोजगार के नए अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इस पहल से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान एवं उद्योग जगत से जुड़ने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा। कार्यशाला के दौरान विश्वविद्यालय के विकास मॉडल, तकनीकी सहयोग, उद्योगों के साथ साझेदारी, अनुसंधान विस्तार, नवाचार आधारित योजनाओं एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों पर भी व्यापक चर्चा की जाएगी। साथ ही विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच मजबूत नेटवर्क विकसित करने पर विशेष जोर रहेगा।
कुलपति ने कहा कि यह आयोजन प्रतिष्ठित एल्युमिनाई के विशेष सहयोग से पंतनगर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर नवाचार, अनुसंधान एवं तकनीकी उत्कृष्टता के नए आयाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को और अधिक सशक्त बनाएगा।

