सशक्त उत्तराखंड रुद्रपुर। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा आयोजित PCS-2024 परीक्षा में प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रचने वाली जसमीत कौर पाहवा का आज दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन सिख संगत एवं विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। समारोह में जसमीत कौर पाहवा की असाधारण उपलब्धि को न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और समाज के लिए गौरव का विषय बताया गया।
जसमीत कौर पाहवा ने उत्तराखंड PCS परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश की टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। इससे पूर्व वर्ष 2021 में उन्होंने PCS परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिला समाज कल्याण अधिकारी (District Social Welfare Officer) के पद पर चयन पाया था। अब PCS-2024 में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने SDM पद के लिए चयन सुनिश्चित किया है।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि जसमीत की सफलता मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और पारिवारिक मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बचपन से ही अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा और कभी भी अनावश्यक विचलनों को अपने सपनों के बीच नहीं आने दिया।
सम्मान समारोह में गुरुनानक सिख समिति, सिख क्लब, खालसा ग्रुप, यूनाइटेड सिख ग्रुप, रामदास सेवा समिति एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की एवं जसमीत कौर पाहवा को सम्मानित किया |
इस अवसर पर सरदार सुरमुख सिंह जी, गुरमीत सिंह जी, जसविंदर सिंह खरबंदा जी, हरी सिंह जी, प्रीतपाल सिंह जी, राजेन्द्र श्रीधर जी, सुरजीत सिंह ग्रोवर जी , हरमन सिंह ग्रोवर जी एवं चेतन चौहान जी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने जसमीत कौर पाहवा को सम्मानित कर शुभकामनाएँ दीं।
वक्ताओं ने कहा कि जसमीत कौर पाहवा की उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समाज से अपील की कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाए ताकि वे भविष्य में और भी बड़े लक्ष्य प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान जसमीत कौर पाहवा की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। कक्षा 8 में UCMAS (Abacus) में उत्तराखंड टॉपर बनने से लेकर कक्षा 10 में 10 CGPA, कक्षा 12 में 94.6 प्रतिशत अंक तथा खालसा कॉलेज में शैक्षणिक उत्कृष्टता तक की उनकी यात्रा को प्रेरणादायक बताया गया।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जसमीत कौर पाहवा एवं उनके माता-पिता सरदार जसवंत सिंह एवं श्रीमती मनप्रीत कौर को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रशासनिक भविष्य की कामना की।

