सशक्त उत्तराखंड। जेसीज़ पब्लिक स्कूल रुद्रपुर में छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह एवं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम सम्मान समारोह 2026 का आयोजन अत्यंत गरिमामय उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री संजय सिंघल, पूर्व नॉर्थ मैन्युफैक्चरिंग हेड, टाइटन, द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं विद्यार्थियों के मधुर स्वागत गीत के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यालय के निदेशक श्री सुधांशु पंत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं समर्पित नेतृत्व के महत्व पर अपने प्रेरक विचार व्यक्त किए।
शपथ ग्रहण समारोह के अंतर्गत सत्र 2026-27 के लिए नव-निर्वाचित जूनियर एवं सीनियर छात्र परिषद के पदाधिकारियों को उनके पद की गरिमा एवं दायित्वों की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक कुमाऊँनी लोकनृत्य ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
मुख्य अतिथि श्री संजय सिंघल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, संवेदनशीलता एवं सुदृढ़ चरित्र के साथ नेतृत्व करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक ज्ञान का संतुलन ही व्यक्ति को जीवन में अपने लक्ष्य तक पहुँचाता है। विद्यालय के महासचिव श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के नेतृत्वकर्ता एवं राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों तथा विद्यालय परिवार के समर्पित प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स को उनके अनुशासन, समर्पण एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए रैंक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम सम्मान समारोह – 2026 आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा 10 एवं 12 के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कक्षा 12 (मानविकी वर्ग) में प्राची मटेला ने (98.60%) प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य में द्वितीय तथा विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त पूर्वी (96.40%) गुंजन मेलकानी (95.80%) विज्ञान वर्ग में ईशिता सैनी (97%) गरिमा पाठक (95.80%) अंश सोनकर (94.20%) तथा वाणिज्य वर्ग में आस्था यादव (96.80%) गुरकीरत कौर (95.60%) एवं तनु पाठक (95.40 %) को सम्मानित किया गया।
कक्षा 10 में अंश श्रीवास्तव (99%) माही सिंह (98.80%) प्रत्यूष कुमार नंदा (98.80%) केशिका डसीला (98.60%) हरमन रीत कौर (98.60%) तथा सक्षम शर्मा (98.60%) को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नकद पुरस्कार ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त पेंटिंग, मनोविज्ञान, शारीरिक शिक्षाए हिंदीए संस्कृत, अंग्रेज़ी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सहित विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले लगभग 48 विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट बोर्ड परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले समर्पित शिक्षकों को उनके अथक मार्गदर्शन एवं निरंतर प्रयासों के लिए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सेक्शन हेड श्रीमती लतिका अरोरा ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जेसीज़ पब्लिक स्कूल का दृढ़ विश्वास है कि नेतृत्व उत्तरदायित्व से विकसित होता है तथा उत्कृष्टता निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों, मेधावी विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स एवं जेसीज़ परिवार के सभी सदस्यों को इस गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय समारोह की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
