सशक्त उत्तराखंड। जेसीज पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में श्रमिक दिवस एवं बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा बुद्ध के जीवन दर्शन एवं श्रमिकों के महत्व से अवगत कराना था।

सभा का शुभारंभ प्रार्थना से हुआ, जिसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने महात्मा बुद्ध के जीवन, उनके उपदेशों और अहिंसा-करुणा के सिद्धांतों पर आधारित कविता पाठ, प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने बुद्ध पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे गौतम बुद्ध का जीवन आज भी सत्य, शांति और मध्यम मार्ग का प्रतीक है।
श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों को श्रमिक वर्ग के संघर्ष, त्याग और कठिन परिश्रम से परिचित कराया गया। इस दौरान बच्चों को श्रमिकों के प्रति सम्मान, न्यायप्रिय व्यवहार और कृतज्ञता का भाव रखने की प्रेरणा दी गई। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ’कटे हाथ’ नामक लघु नाटिका का भावपूर्ण मंचन रहा, जिसमें 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने श्रमिकों की पीड़ा और उनके योगदान को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.डी. शर्मा ने अपने संबोधन में महात्मा बुद्ध के व्यक्तित्व और उनके संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बुद्ध के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि, “श्रमिक हमारे समाज की रीढ़ हैं। उनके सहयोग के बिना हमारा दैनिक जीवन सुचारू रूप से चल पाना असंभव है। इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखें।“
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती पंकजा तिवारी ने महात्मा बुद्ध द्वारा बताए गए अष्टांग मार्ग के सिद्धांतों पर चर्चा की और बच्चों को इन सिद्धांतों को जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत श्रमिक दिवस पर एक रचनात्मक पोस्टर निर्माण गतिविधि का भी आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अत्यंत सृजनात्मक पोस्टरों के माध्यम से श्रमिकों के योगदान को दर्शाया। विजेता विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। इस विशेष सभा ने विद्यार्थियों में सामाजिक संवेदनशीलता, नैतिक मूल्यों और श्रम के प्रति सम्मान का भाव जागृत किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर तथा निदेशक सुधांशु पन्त ने विद्यार्थियों को बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएँ दीं तथा महात्मा बुद्ध के जीवन से प्रेरणा लेकर जीवन पथ को आलोकित कर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

