भाजपा जिला मंत्री प्रमोद मित्तल ने ग्राम भगवानपुर में किया दुर्गा पूजा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ

सशक्त उत्तराखण्ड,रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भगवानपुर में भाजपा जिला मंत्री प्रमोद मित्तल एडवोकेट ने बतौर मुख्य अतिथि माँ दुर्गा पूजा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से प्रमोद मित्तल का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने माँ दुर्गा के श्रीचरणों में शीश नवाकर समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान प्रमोद मित्तल ने ग्रामवासियों को माँ दुर्गा पूजा के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि माँ दुर्गा की आराधना हमें शक्ति, साहस, नारी सम्मान और बुराइयों के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देती है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित करने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।

 

इस दौरान प्रमोद मित्तल ने “नशामुक्त रुद्रपुर, स्वस्थ रुद्रपुर” का संदेश देते हुए मातृशक्ति, युवाओं एवं उपस्थित सभी ग्रामवासियों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया। उन्होंने विशेष रूप से मातृशक्ति से आह्वान किया कि वे अपने परिवारों को नशे से दूर रखने का संकल्प लें तथा अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देकर उन्हें शिक्षा, खेलकूद, सामाजिक सेवा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें।

 

प्रमोद मित्तल ने कहा कि परिवार किसी भी समाज की सबसे मजबूत इकाई होता है और परिवार के निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि माताएँ संकल्प लें कि वे अपने परिवार के सदस्यों, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए निरंतर जागरूक करेंगी, तो समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। नशा केवल एक व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों और भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।

 

उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए करें। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, दूसरों को भी जागरूक करेंगे और अपने गाँव सहित पूरे रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान देंगे।

 

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तभी और बढ़ जाती है, जब हम उनसे प्रेरणा लेकर समाज की बुराइयों को दूर करने तथा आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित बनाने का संकल्प लेते हैं। माँ दुर्गा की आराधना हमें बुराइयों पर विजय प्राप्त करने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देती है।

 

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पंडित नीरज मठपाल, धनंजय मिश्रा, रवि शाह, शिव शंकर वर्मा, संजय गुप्ता, दिनेश गुप्ता, अक्षय गौड़, मनमोहन सिंह, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, राहुल गौड़, रोहित गौड़, जतिन गौड़, आशीष प्रताप सिंह, समीर आर्य, सौरभ बिष्ट, लीलावती, शोभा देवी, अजय कुमार, ज्ञान दूबे एवं कामेश्वर जेटली, सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।