स्वतंत्रता का अर्थ केवल राजनीतिक आज़ादी नहीं, विकास की चुनौतियों से मुक्ति भी: कुलपति

Spread the love

सशक्त उत्तराखंड,पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने तराई भवन एवं गांधी पार्क में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया। कुलपति ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल राजनीतिक आज़ादी तक सीमित नहीं है, बल्कि भूख, कुपोषण, असमानता, अवसरों की कमी तथा ग्रामीण समस्याओं से मुक्ति भी वास्तविक स्वतंत्रता का ही स्वरूप है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर सैनिक राष्ट्र की रक्षा के लिए संघर्ष करते हैं, वहीं कृषि, शिक्षा, अनुसंधान और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोग भी राष्ट्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण लड़ाई लड़ रहे हैं।

कुलपति ने पंतनगर विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि हरित क्रांति के माध्यम से देश को खाद्यान्न आत्मनिर्भर बनाने में विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पंतनगर केवल एक विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि एक विचार, एक संस्कृति और राष्ट्र सेवा की भावना का प्रतीक है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने सदैव मिशनरी भावना के साथ कार्य करते हुए देश के कृषि विकास में योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शोध, नवाचार, वैकल्पिक ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा सेंटर, सौर ऊर्जा तथा जैव-ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में नई पहल कर रहा है। राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन सहित विभिन्न एजेंसियों को 30 से अधिक शोध परियोजनाएं भेजी गई हैं और विश्वविद्यालय संसाधनों को कई गुना बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

कुलपति ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय का लक्ष्य केवल रैंकिंग प्राप्त करना नहीं, बल्कि किसानों, समाज और राष्ट्र के लिए सार्थक योगदान देना है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार का आह्वान किया कि वे पंतनगर की सेवा, समर्पण और नवाचार की भावना को आगे बढ़ाते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय की नवीन बेवसाइट का उद्घाटन किया और उन्होंने बेवसाइट को अद्यतन करने हेतु सभी से अपील की। साथ ही उन्होंने बेबसाइट निर्माण करने हेतु प्रौद्योगिक महाविद्यालय के डा. राजीव सिंह, डा. गोविन्द एवं श्री तरुण के प्रयासों की सराहना की। तदोपरांत विभिन्न महाविद्यालयों के उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा उच्च प्रभाव वाले शोध पत्र प्रकाशित करने वाले शोधार्थियों को भी सम्मानित किया गया। अंत में कुलपति ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का आह्वान किया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *