सशक्त उत्तराखंड,किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने शुक्रवार को खुरपिया, तुर्कागौरी, जवाहरनगर एवं शांतिपुरी नंबर-1, 2 व 3 में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव के समय जनता के बीच आना नहीं, बल्कि पूरे वर्ष क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करना है।
विधायक बेहड़ ने कहा कि वह हर वर्ष क्षेत्र में आकर विकास कार्यों की समीक्षा करते हैं और प्रत्येक दौरे में नए विकास कार्यों को स्वीकृत कराने एवं पूर्ण कराने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कराया गया है तथा आगे भी सड़क, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने संबंधित विभागों एवं पीएमजीएसवाई से समन्वय कर शेष सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कराने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर कम से कम 500 मीटर सीसी सड़क बनाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि जवाहरनगर शांतिपुरी क्षेत्र में विधायक निधि से अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत जनहित के कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। ग्रामीणों की मांग पर जवाहरनगर में बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण हेतु विधायक निधि से धनराशि भी स्वीकृत कर जारी की जा चुकी है। शीघ्र ही बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उनका प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव एवं प्रत्येक क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य हों तथा किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव न किया जाए।
विधायक बेहड़ ने कहा कि उन्होंने हमेशा विकास की राजनीति की है और चुनाव परिणाम की परवाह किए बिना जनता के बीच रहकर विकास कार्य कराए हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन मिलेगा तो क्षेत्र के विकास को और अधिक गति दी जाएगी।
उन्होंने बिजली के स्मार्ट मीटरों एवं जल जीवन मिशन से जुड़ी समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए इन विषयों पर उचित निर्णय लिया जाएगा तथा लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुलशन सिंधी, नारायण सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य,गुरदास कालड़ा,राजेंद्र शर्मा, किन्नू शुक्ला, विनोद कोरंगा, बिशनपुर कोरंगा, कैप्टन देवन्द्र सिंह कोरंगा, ग्राम प्रधान कविता तिवारी,,सैनिक संगठन के अध्यक्ष लाल सिंह कोरंगा,लेफ्टिनेट गोखरन सिंह राणा,कर्नल रमेश चंद जोशी, कैलाश जोशी, ललित बिष्ट,महिपाल, राजकिरण तिवारी,मोहन प्रसाद,चंचल रौतेला, नरेंद्र सिंह राणा,खान सिंह कुंवर पाल, राजेश पाल, अशरफ, लियाकत, महेश यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

