सशक्त उत्तराखंड,रुद्रपुर। शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी हरीश मुंजाल के आवास पर हाल ही में कैबिनेट मंत्री बने प्रदीप बत्रा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। स्वागत समारोह के दौरान बत्रा को पारंपरिक रूप से लड्डुओं से तोला गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बना रहा।

अपने संबोधन में प्रदीप बत्रा ने कहा कि मंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली सभा है, जिसे वह जीवन भर याद रखेंगे। उन्होंने प्रदेश और समाज के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।

उन्होंने कहा, “मुझे मुंजाल जी से बहुत पुराना जुड़ाव रहा है, शायद यही कारण है कि शपथ लेने के दूसरे दिन ही मैं यहां आ गया। मैं भले ही व्यवसाय से जुड़ा हूं, लेकिन जनता के लिए पूरी तरह समर्पित हूं।”

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पंजाबी समाज से आने वाले एक प्रतिनिधि को कैबिनेट में स्थान मिलना, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सर्वसमावेशी सोच को दर्शाता है, जिसमें सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास किया जा रहा है।


