सशक्त उत्तराखंड,लालकुआं। शनिवार रात गौला नदी के देवरामपुर गेट के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान सूरज सिंह (42 वर्ष) पुत्र हीरा सिंह, निवासी नारायणपुरम हल्दूचौड़ के रूप में हुई है। सूरज सिंह टेम्पो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य होने की वजह से उसकी मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार सूरज सिंह के परिजनों ने 6 सितंबर की शाम उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि सूरज सुबह से घर नहीं लौटा। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और देर रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच देवरामपुर गेट के पास उसका शव बरामद किया।
पुलिस ने युवक को अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से नमकीन, गिलास और शराब बरामद होने के कारण प्रथम दृष्टया मामला शराब सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा है। परिजन रो-रोकर बेसुध हो रहे हैं, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर जांच शुरू कर दी है।

