हिंदी केवल भाषा नहीं, हमारी संस्कृति की पहचान है: डा. कश्यप

Spread the love

सशक्त उत्तराखंड,पंतनगर।  हिंदी दिवस के अवसर पर गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में अधिष्ठाता छात्र कल्याण के अंतर्गत सांस्कृतिक चेतना परिषद प्रोफेशनल सोसाइटी द्वारा आयोजित ‘प्रवाह’ हिंदी सप्ताह का समापन गांधी हॉल में किया गया। हिंदी सप्ताह का आयोजन 8 से 14 सितम्बर 2026 तक किया गया। हिंदी सप्ताह के अंतर्गत हिंदी भाषा एवं संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस वर्ष ‘शास्त्रार्थ’ वाद-विवाद प्रतियोगिता, ‘कथा कल्पना’ कथा लेखन-वाचन प्रतियोगिता, ‘अक्षरांश’ कविता लेखन-वाचन प्रतियोगिता एवं ‘प्रज्ञात्म’ हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गईं। इनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता, ज्ञान एवं अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया। ‘अक्षरांश’ में शैली मठपाल एवं नीतू नौटियाल, ‘प्रज्ञात्म’ में स्वाति भट्ट एवं गुंजन, ‘शास्त्रार्थ में अभिषेक ममगांई एवं कनिका शर्मा तथा ‘कथा कल्पना’ में सृष्टि ठाकुर अव्वल रहे।

 

समापन अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेंद्र कुमार कश्यप, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व, उसके व्यापक प्रयोग तथा विद्यार्थियों के जीवन में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम ही नहीं, बल्कि सामाजिक मूल्यों की भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति सम्मान एवं इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। साथ ही, सभी से हिंदी को दैनिक जीवन एवं शैक्षणिक गतिविधियों में अपनाने का आह्वान किया।

 

कुलसचिव डा. दीपा विनय ने हिंदी सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों की सराहना करते हुए प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की बात कही। परिषद् की परामर्शदात्री डा. विनीता राठौर ने सभी अतिथियों, आयोजकों और प्रतिभागियों का स्वागत एवं हिंदी के विकास और प्रचार-प्रसार में युवाओं की भूमिका तथा हमारी संस्कृति, परंपरा से जुडी हिंदी भाषा को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर अधिष्ठाता, छात्र कल्याण डा. वी.सी. ध्यानी; अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय डा. अनिल कुमार शुक्ला; अधिष्ठाता प्रौद्योगिकी महाविद्यालय डा. सिया शरण गुप्ता, निदेशक संचार डा. जे.पी. जायसवाल; सहित अन्य गणमान्य अतिथि व विद्यार्थी उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *