बरसात के मौसम में विश्वकर्मा मार्केट के व्यापारियों को उजाड़ना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण : तिलक राज बेहड़

Spread the love

सशक्त उत्तराखंड। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने आज किच्छा से लौटते समय रुद्रपुर विश्वकर्मा मार्केट पहुंचकर वहां उजाड़े जा रहे व्यापारियों एवं दुकानदारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

विधायक बेहड़ ने कहा कि यह वही विश्वकर्मा मार्केट है, जिसे वर्षों पूर्व रुद्रपुर नगर पालिका के तत्कालीन नगर अध्यक्ष श्री सुभाष चतुर्वेदी जी के कार्यकाल में तथा उनके स्वयं के नगर पालिका उपाध्यक्ष रहते हुए व्यापारियों को बसाने के उद्देश्य से विकसित किया गया था। उस समय इन लोगों को रोजगार और व्यापार के लिए एक स्थान उपलब्ध कराया गया था।

 

उन्होंने कहा कि आज उन्हीं गरीब और छोटे व्यापारियों को बरसात के इस मौसम में उजाड़ा जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय है। एक ओर व्यापारी पहले से ही आर्थिक परेशानियों और मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बरसात के बीच उनके रोजगार और दुकानों को हटाया जा रहा है। ऐसे समय में प्रशासन और नगर निगम को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।

 

बेहड़ ने कहा कि विकास के नाम पर किसी का रोजगार छीनना उचित नहीं है। यदि किसी कारण से अतिक्रमण हटाना आवश्यक है तो प्रभावित व्यापारियों के लिए पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा न हो।

 

उन्होंने कहा कि वे इस पूरे मामले को गंभीरता से लेंगे और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर व्यापारियों की समस्या का उचित एवं मानवीय समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। सरकार और प्रशासन से मांग है कि बरसात के मौसम में प्रभावित व्यापारियों को तत्काल राहत दी जाए तथा बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उन्हें उजाड़ने की कार्रवाई पर पुनर्विचार किया जाए।

 

बेहड़ ने कहा कि गरीब और छोटे व्यापारियों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *