फेंसिंग की राष्ट्रीय प्रतिभाओं का मंच बनेगा रुद्रपुर, डीपीएस में 26 से चैंपियनशिप

Spread the love

सशक्त उत्तराखंड,रुद्रपुर। तलवारबाजी के रोमांच और कौशल से अगले कुछ दिनों तक रुद्रपुर का खेल परिसर गुलजार रहेगा। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में 26 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक सीबीएसई नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी युवा खिलाड़ी पहुंचेंगे।

आयोजकों के मुताबिक, चैंपियनशिप में 350 से अधिक विद्यालयों के लगभग 1,500 खिलाड़ी व कोच भाग लेंगे। 22 से अधिक राज्यों की भागीदारी के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों की मौजूदगी इसे व्यापक स्वरूप देगी। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में खिलाड़ी फॉयल, साब्रे और एपी स्पर्धाओं में पदक के लिए जोर आजमाइश करेंगे।

 

सीबीएसई द्वारा फेंसिंग को राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करने की दिशा में आयोजित इस प्रतियोगिता को युवा खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा, कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन करने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।

 

डीपीएस रुद्रपुर को मिली मेजबानी से उत्तराखंड के लिए भी यह आयोजन महत्वपूर्ण हो गया है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों और विदेशों से आने वाले खिलाड़ियों, कोचों तथा खेल अधिकारियों की सहभागिता से रुद्रपुर में राष्ट्रीय स्तर की खेल गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।

 

प्रेस नोट के अनुसार, चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, आईएएस की गरिमामयी उपस्थिति में होगा। आयोजन के दौरान शहर और राज्य के गणमान्य लोगों की भी सहभागिता रहेगी।

 

स्कूल प्रबंधन ने कहा कि यह आयोजन महज एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा ऊर्जा, खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्टता का उत्सव है। इसके जरिए युवा खिलाड़ियों में फेंसिंग के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *