खटीमा में बारिश से बिगड़े हालात, बनगवां में घरों में घुसा बाढ़ का पानी

Spread the love

सशक्त उत्तराखंड। खटीमा क्षेत्र में बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते ग्रामीण इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार बारिश के कारण बनगवां गांव में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बाढ़ का पानी घरों में घुसने से ग्रामीणों का रोजमर्रा का सामान पानी में डूब गया। अचानक जलभराव बढ़ने से ग्रामीणों के सामने सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की चुनौती खड़ी हो गई। स्थिति की सूचना जिला आपदा कंट्रोल रूम को दी गई।

सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तहसीलदार वीरेंद्र सजवान और एसडीएम तुषार सैनी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया।

जिलाधिकारी नितिन भदौरिया और जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से हालात की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर भेजा गया। टीम ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया।

एसडीआरएफ की टीम ने कुल 26 ग्रामीणों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सभी लोगों को बनगवां के प्राथमिक विद्यालय में पहुंचाकर अस्थायी रूप से ठहराया गया है, जहां उनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *