सशक्त उत्तराखंड। नैनीताल में लगातार हो रही बारिश के चलते नैनीताल से कालाढूंगी को जोड़ने वाला मुख्य मोटर मार्ग गुरुवार सुबह अचानक हुए भारी भूस्खलन के चलते पूरी तरह बंद हो गया।मल्लीताल स्थित घोड़ा स्टैंड के पास और बारहपत्थर क्षेत्र में पहाड़ी से आए भारी मलबे ने सड़क को अवरुद्ध कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 10 बजे भूस्खलन की शुरुआत हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले मलबा धीरे-धीरे गिरा लेकिन कुछ ही मिनटों में यह तेज गति से बहता हुआ सड़क पर फैल गया। इस मलबे के साथ एक विशालकाय पेड़ भी लुढ़क कर सड़क पर आ गिरा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मौके पर जेसीबी मशीन भेज सड़क खोलने की कोशिश की, लेकिन तब तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग चुकी थी। यात्री और स्थानीय लोग सड़क खुलने का इंतज़ार कर रहे हैं। बारिश की स्थिति को देखते हुए मार्ग खुलने में समय लग सकता है। प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों के प्रयोग की अपील की है।