राजकुमार ठुकराल ने इंडेन गैस एजेंसी पर पहुँचकर एरिया सेल्स ऑफिसर हर्षित पंत का किया घेराव और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग

Spread the love

सशक्त उत्तराखंड,रुद्रपुर । प्रशासन के तमाम दावों और सख्त फैसलों के बावजूद रसोई गैस के लिए मची मारामारी थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को भी इंडेन गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।

इस दौरान अव्यवस्थाओं को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने एजेंसी पर पहुँचकर इंडेन गैस के एरिया सेल्स ऑफिसर हर्षित पंत का घेराव किया और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की। पूर्व विधायक ठुकराल शनिवार को घंटों तक एजेंसी पर डटे रहे और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर सेल्स ऑफिसर से तीखी नोकझोंक की। उन्होंने कहा कि शहर में गैस की मांग बहुत अधिक है, जबकि एजेंसी पर केवल एक गाड़ी ही भेजी जा रही है, जो ऊंट के मुँह में जीरे के समान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को धूप और लंबी लाइनों के बाद भी निराश होकर घर लौटना पड़ रहा है। ठुकराल ने सेल्स ऑफिसर से दोटूक शब्दों में कहा कि जब तक गैस की गाड़ियों की संख्या नहीं बढ़ाई जाएगी, तब तक जनता का आक्रोश शांत नहीं होगा। पूर्व विधायक के कड़े रुख और जनता की परेशानी को देऽते हुए सेल्स ऑफिसर हर्षित पंत ने तत्काल उच्च अधिकारियों से वार्ता की और एजेंसी के लिए एक अतिरिक्त गाड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *