सशक्त उत्तराखंड,रूद्रपुर। चंपावत में ड्यूटी के दौरान दो दिन पहले छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए पुलिस कर्मी गोकुल टम्टा की रविवार रात सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी। 2006 बैच के कांस्टेबल मूल रूप से पातली अल्मोड़ा जनपद निवासी गोकुल टम्टा पूर्व में रूद्रपुर एसओजी में तैनात थे। करीब एक माह पूर्व ही उनका स्थानांतरण चंपावत हुआ था।
रक्षाबंधन पर्व देवीधुरा में लगने वाले प्रसिद्ध मेले में गोकुल की ट्यूटी लगी थी। इसी दौरान वह एक छत से दूसरी छत में जाने का प्रयास कर रहे थे, तभी पैर फिसलने के कारण वह छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रूद्रपुर जिला अस्पताल लाया गया यहां से उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रैफर किया गया था। रविवार रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। वही पुलिस महकमे में भी शोक की लहर दौड़ गयी। मृतक कांस्टेबल गोकुल टम्टा का परिवार यहां जयनगर में रहता है, बताया जाता है कि उनकी पत्नी आरती भी पुलिस विभाग में 112 कंट्रोल रूम में तैनात हैं। उनकी एक बेटी है।

