यहां गुलदार का हमला, युवक गंभीर रूप से घायल

Spread the love

सशक्त उत्तराखंड। ग्राम सभा पतरामपुर क्षेत्र के तराई पश्चिमी वन प्रभाग में एक बार फिर गुलदार ने हमला कर ग्रामीणों की नींद हराम कर दी है। देर शाम खेत से लौट रहे पतरामपुर निवासी पंकज कुमार पर अचानक हमला हुआ, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना का विवरण

पंकज कुमार खेत का काम करके बाइक से घर लौट रहे थे। बूढ़ा फार्म के पास झाड़ियों से निकलकर गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और उनके पैर को जबड़ों में जकड़ लिया। अचानक हुई इस घटना से पंकज घबरा गए, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए उन्होंने जोर से शोर मचाया और बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इससे गुलदार उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

प्राथमिक उपचार के बाद घर लौटे घायल

घटना की सूचना तुरंत खेत मालिक ने वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पंकज कुमार को जसपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया।

ग्रामीणों में बढ़ी दहशत
पिछले छह महीनों में क्षेत्र में गुलदार अब तक दर्जन भर से अधिक लोगों पर हमला कर चुका है। इसके चलते ग्रामीण खेतों में जाने से कतराने लगे हैं और शाम ढलते ही कई इलाकों में सन्नाटा छा जाता है।

वन विभाग की तैयारियां और अपील

तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ ने बताया कि क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं और गश्त भी बढ़ाई गई है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि अकेले खेतों में न जाएं, रात में बाहर निकलने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना वन विभाग को दें।

वन विभाग ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा उपायों को गंभीरता से अपनाना आवश्यक है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष और हादसों को रोका जा सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *