सशक्त उत्तराखंड। जेसीज पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने दोनों महान राष्ट्रनायकों के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक, प्रधानाचार्य एवं सेक्शन हेड्स के द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, रामधुन एवं भाषणों के माध्यम से दोनों महापुरुषों के प्रेरणादायी जीवन और आदर्शों को प्रस्तुत किया। पोस्टर-मेकिंग एवं स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र प्रेम का संदेश दिया।
विद्यालय के महासचिव श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि महान राष्ट्रनायकों का स्मरण केवल उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर उनकी विरासत को आगे बढ़ाना है।
विद्यालय के निदेशक श्री सुधांशु पंत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य महोदय ने भी विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के चरित्र एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार, संवेदनशील एवं प्रगतिशील नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, एकता, स्वच्छता, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं तथा युवा पीढ़ी उनके विचारों से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
