डीपीएस रुद्रपुर में “कॉम्पोजिट स्किल लैब” का भव्य उद्घाटन

Spread the love

सशक्त उत्तराखंड,रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में अत्याधुनिक “कॉम्पोजिट स्किल लैब” का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री पंकज शुक्ला जी (कोषाधिकारी) द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. अमृता शर्मा (उप जिलाधिकारी, बाजपुर), निर्मला बिष्ट (महाप्रबंधक प्रशासन, मंडी समिति) एवं तेजू बघेल (प्रबंध निदेशक, ऑटोटेक) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।

विद्यालय में स्थापित यह आधुनिक “कॉम्पोजिट स्किल लैब” उधम सिंह नगर क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक कॉम्पोजिट स्किल लैब है, जहाँ विद्यार्थियों को एयरोमॉडलिंग, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सीएनसी मशीन, डिज़ाइन थिंकिंग एवं DIY साइंस प्रोजेक्ट्स जैसी तकनीकी एवं नवाचार आधारित गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह लैब विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक, तकनीकी एवं रचनात्मक शिक्षा से जोड़ने का कार्य करेगी। इसके माध्यम से विद्यार्थी नई तकनीकों को समझने, मॉडल निर्माण, मशीन संचालन, नवाचार आधारित सोच तथा वैज्ञानिक प्रयोगों को व्यवहारिक रूप से सीख सकेंगे।

उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि श्री पंकज शुक्ला जी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि वर्तमान समय तकनीक, नवाचार और कौशल आधारित शिक्षा का युग है। आने वाले वर्षों में वही विद्यार्थी सफल होंगे जो केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित न रहकर नई तकनीकों को समझने, प्रयोग करने और अपने विचारों को वास्तविक रूप देने की क्षमता रखते हों। उन्होंने कहा कि डीपीएस रुद्रपुर द्वारा स्थापित यह कॉम्पोजिट स्किल लैब विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक अत्यंत सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल है।

उन्होंने आगे कहा कि एयरोमॉडलिंग, रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्र आज विश्व स्तर पर तेजी से विकसित हो रहे हैं और भविष्य में इनका महत्व और अधिक बढ़ने वाला है। ऐसे में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही इन आधुनिक तकनीकों से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

अंत में विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर एवं वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर ने अपने संयुक्त संदेश में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अकादमिक शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की आधुनिक तकनीकों, नवाचार एवं कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि कॉम्पोजिट स्किल लैब विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं तकनीकी दक्षता विकसित करने का एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, नवाचारी एवं वैश्विक स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही उन्होंने विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को इस नई उपलब्धि के लिए शुभकामनाएँ दीं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *