दो शिक्षाविदों को ‘अराइज़’ में मिली बड़ी जिम्मेदारी, उत्तराखंड की स्कूली शिक्षा को मिलेगी नई दिशा

Spread the love

सशक्त उत्तराखंड। वाराणसी में आयोजित एसोसिएशन फॉर रीइन्वेंटिंग स्कूल एजुकेशन (अराइज़) की दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक में देशभर के शिक्षाविद, स्कूल संचालक और शिक्षा विशेषज्ञ शामिल हुए। इस महत्वपूर्ण आयोजन में रुद्रपुर के दो प्रमुख शिक्षाविदों को उत्तराखंड के लिए अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

रामेश्वरपुर स्थित भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक भरत गोयल को अराइज़ उत्तराखंड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि कोलंबस पब्लिक स्कूल रुद्रपुर के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार खेड़ा को सह-अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों ही शिक्षाविद गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान रखते हैं।

 

अराइज़ एक प्रमुख राष्ट्रीय संगठन है, जो स्कूली शिक्षा में नवाचार, सुधार और आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देता है। यह संस्था स्कूलों को एक साझा मंच प्रदान कर शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करती है।

 

नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए भरत गोयल और मनोज कुमार खेड़ा ने कहा कि वे उत्तराखंड में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और स्कूल प्रणाली को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आधुनिक तकनीक और नए शिक्षण तरीकों के माध्यम से छात्रों को बेहतर और प्रतिस्पर्धी शिक्षा देने की बात कही।

 

इस उपलब्धि पर दोनों स्कूलों के शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। सभी ने दोनों शिक्षाविदों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

अराइज़ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अरुणाभ सिंह ने भी दोनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन उत्तराखंड सरकार और शिक्षा विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करेगा, जिससे राज्य में गुणवत्तापूर्ण और छात्र-केंद्रित शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *