सशक्त उत्तराखंड,काशीपुर । सीएम धामी के निर्देश पर आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने डायल 112 (आपातकालीन सेवा) को संवेदनशील, जवाबदेह और परिणाम आधारित पुलिसिंग का मजबूत मॉडल बनाने का संकल्प लिया है।
अब 112 की हर सूचना पर पुलिस की कार्रवाई का रिपोर्ट कार्ड बनाया जाएगा। 112 सेवा में अब हर कॉल को केवल निस्तारित नहीं किया जाएगा, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पीड़ित वास्तव में सुरक्षित, संतुष्ट और न्याय की अनुभूति में है या नहीं। आईजी कुमाऊं के निर्देशों पर प्रत्येक गंभीर कॉल की वरिष्ठ स्तर पर समीक्षा, पुलिस कार्रवाई के बाद सीधे पीड़ित से फीडबैक, लापरवाही या औपचारिकता पाए जाने पर जवाबदेही तय की गई है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने खुद कमान संभाली है। आईजी कुमाऊं ने कहा कि 112 एक ऐसी प्रणाली बन चुकी है जो तेज़ है, संवेदनशील है, जवाबदेह है और सबसे बढ़कर जनता के विश्वास पर खरी उतर रही है। कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि अगर कोई भी व्यक्ति पुलिस को कॉल करके कोई सूचना देता है और उसकी सूचना पर क्या कार्रवाई हुई है, पुलिस ने एक्शन लिया या नहीं, इन सब बिंदुओं की निगरानी की जाएगी। आईजी कुमाऊं ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवा में कोई समझौता नहीं होगा।
