यहां अर्टिगा और बोलेरो की भिड़ंत में वनकर्मी की मौत,तीन घायल

Spread the love

भोंपूराम खबरी,रामनगर। नेशनल हाईवे काशीपुर रोड पर पीरूमदारा के पास शुक्रवार तड़के हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। अर्टिगा कार और बोलेरो वाहन की जोरदार भिड़ंत में एक वनकर्मी की मौत हो गयी। जबकि तीन लोग घायल हो गये। घायलों को रामनगर स्थित राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है वहीं वन विभाग में भी शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा तड़के करीब तीन बजे तब हुआ। जब वन विभाग का बोलेरो वाहन संख्या यूके 04जी 0165 और तेज रफ्तार एर्टिका कार संख्या यूके 19टीए 1342 पीरूमदारा के पास आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस दुर्घटना में बुलेरो में ड्राइवर सीट पर बैठे वनकर्मी 35 वर्षीय मनीष बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई। मनीष बिष्ट मूल रूप से रामनगर के चिल्किया क्षेत्र के निवासी थे और तराई पश्चिमी वन प्रभाग में ड्राइवर के पद पर तैनात थे। उन्हें तड़के आमपोखरा रेंज में अवैध कटान और तस्करों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इस सूचना के बाद वह हल्दुआ चौकी से अन्य वनकर्मियों को लेने बुलेरो लेकर निकले थे। इसी दौरान पीरूमदारा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार एर्टिका कार रॉन्ग साइड में आकर उनकी गाड़ी से जोरदार टकरा गई। हादसे में एर्टिका कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें 60 वर्षीय सुशीला देवी, उनके पति राधे राम, पौड़ी गढ़वाल निवासी आनंद बल्लभ जोशी, और धर्मेंद्र सिंह शामिल थे। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से संयुक्त चिकित्सालय, रामनगर लाया गया। चिकित्सकों ने सुशीला देवी और आनंद बल्लभ जोशी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया। धर्मेंद्र सिंह को हल्की चोटें आईं- उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बाहर उपचार कराने की अनुमति दी गई, हालांकि डॉक्टरों ने भर्ती की सलाह दी थी। वनकर्मी मनीष बिष्ट की आकस्मिक मौत से वन विभाग में शोक की लहर है। मनीष अपने पीछे एक पुत्र और परिवार छोड़ गए हैं। रेंज अधिकारी पूरन सिंह खनायत ने बताया कि मनीष तस्करों की गतिविधियों के मद्देनजर अन्य वनकर्मियों को लेने जा रहे थे। उन्होंने कहा कि मनीष विभाग के समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों में से एक थे। संयुक्त चिकित्सालय के सीएमएस डॉ- विनोद कुमार टम्टा ने पुष्टि की कि कुल चार लोग अस्पताल लाए गए थे, जिनमें एक को मृत घोषित किया गया। पुलिस ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *